नरैनी (बांदा)। सामने से आए डंपर की रोशनी पड़ने से बोलेरो चालक संतुलन खो बैठा। इससे बोलेरो बेकाबू होकर खाई में गिरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि भाई-बहन घायल हो गए।
प्रतापगढ़ जिले के डुबकी गांव निवासी होरीलाल (65) पुत्र ब्रजेश (24) के साथ बोलेरो से बेटी शोभा की ससुराल मध्य प्रदेश के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के बीरा गांव आए थे। शुक्रवार की सुबह बेटी को लेकर प्रतापगढ़ जा रहे थे। तड़के करीब चार बजे नरैनी कोतवाली क्षेत्र के मुकेरा गांव के पास सामने से आए डंपर की तेज रोशनी बोलेरो चालक ब्रजेश के आंखों पर पड़ी। इससे उसने बोलेरो बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में गिरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में होरीलाल की मौत हो गई। ब्रजेश और बहन शोभा मामूली रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर नरैनी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को सीएचसी पहुंचाया। होरीलाल के दामाद महेश ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि उनके तीन पुत्रियां, चार पुत्र हैं। बेटा बोलेरो चलाता है। उसी से गुजर बसर होता था।
नरैनी कोतवाल राममोहन राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।