बांदा। कमासिन थाना में नियुक्त दरोगा बाइक से महिला सिपाही को लेकर जिला न्यायालय जा रहे थे। तभी शहर के बाहर आरटीओ आफिस के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर उनकी बाइक में लग गई। जिससे दरोगा व महिला सिपाही घायल हो गए, दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने दरोगा की हालत गंभीर बताते हुए प्रयागराज मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार की दोपहर तकरीबन एक बजे कमासिन थाना में तैनात 55 वर्षीय उप-निरीक्षक केशरी सिंह व 35 वर्षीय महिला सिपाही अनामिका सिंह बाइक से जिला न्यायालय सरकारी काम से जा रहे थे। तभी शहर के बाहर आरटीओ आफिस के पास तेज रफ्तार ट्रक उनकी बाइक से टकरा गया। जिससे दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं ग्रामीणों द्वारा ट्रक ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
हादसे की जानकारी मिलते ही एएसपी शिवराज व सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक भी जिला अस्पताल पहुंचे । डाक्टरों ने महिला सिपाही का उपचार कर छुट्टी कर दी, जबकि दरोगा की हालत गंभीर होने पर प्रयागराज मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि ट्रक कब्जे में और उसका ड्राइवर पुलिस हिरासत में है।
फोटो- 18 जिला अस्पताल में उपचार कराता घायल दरोगा, घटना की जानकारी लेते पुलिस अधिकारी। संवाद