बांदा। वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक गांव से खेती देखकर घर लौट रहा था। तभी हादसा हो गया। पुलिस को घटनास्थल से हेलमेट नहीं मिला। उधर, दोपहर तक पंचनामा की कार्रवाई पूरी न होने पर परिजनों ने रोष जताया।
शहर के बंगालीपुरा निवासी रामदीन (36) बुधवार की रात बाइक पर गोखरही गांव से घर लौट रहा था। गांव के नजदीक सामने से किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। देर तक वह सड़क किनारे पड़ा तड़पता रहा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। गुरुवार की देर शाम कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव बांदा ले आए।
पिता ने बताया कि रामदीन की शादी सात साल पहले हुई थी। परिवार में पत्नी कल्पना और एक वर्षीय बेटा है। वह खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था। उधर, शुक्रवार को दोपहर साढ़े 12 बजे तक पंचनामा प्रक्रिया पूरी होने पर परिजनों ने रोष जताया। कहा कि सुबह से पूरा परिवार-रिश्तेदार मर्च्यूरी के बाहर बैठे हैं। पुलिस को पंचनामा की सुध नहीं है। एक पुलिस कर्मी आया और दरोगा को लेकर आने की बात कहकर चला गया, फिर नहीं लौटा। पंचनामा प्रक्रिया की वजह से पोस्टमार्टम में भी देरी हो रही है।