अतर्रा। सड़क किनारे खड़े बालू भरे ओवरलोड ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह ननिहाल से वापस घर जा रहा था। घटनास्थल पर पुलिस को हेलमेट नहीं मिला। एक अन्य घटना में अन्ना मवेशी से टकराकर बाइक सवार घायल हो गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव के मजरा उजियारी निवासी जानकी शरण (30) पुत्र पुरुषोत्तम बाइक से अपने ननिहाल पचोखर (नरैनी) गांव से बुधवार की रात घर लौट रहा था। अतर्रा थाना क्षेत्र के गर्गन पुरवा के पास बालू भरे खड़े ट्रक से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी-112 ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया।
यहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और क्लीनर भाग निकले। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि रोजनदारी में मजदूरी करके परिवार का गुजर-बसर करता था। दो पुत्र और एक पुुत्री है।
एक अन्य घटना में अतर्रा थाना क्षेत्र के बिसंडा रोड निवासी अभय सिंह (24) पुत्र जग्गू बुधवार की रात बाजार से बाइक में वापस घर जा रहा था। नहर के पास अन्ना मवेशी से टकराकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर यूपी-112 ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।