बांदा/नरैनी। निमंत्रण में शामिल होकर ननिहाल से लौट रहा युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हेलमेट न लगाने से सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। दूसरी घटना में तेरहवीं संस्कार से भतीजे के साथ लौट रही महिला की बाइक पर ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पहली घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र के डोमानी (गुढ़ा कलां) का जितेंद्र (18) पुत्र बच्चा लाल राजपूत मंगलवार की शाम करीब छह बजे बाइक से अपने ननिहाल दरगाही पुरवा (गिरवां) से निमंत्रण में शामिल होकर लौट रहा था। कोतवाली क्षेत्र के बांदा-नरैनी मार्ग पर पनगरा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्क र मार दी। सड़क पर गिर गए जितेंद्र को वाहन ने कुचल भी दिया। बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे खंती पर जा गिरी। रात करीब साढ़े 11 बजे यूपी-112 पुलिस ने शव को सीएचसी पहुंचाया। साथ ही घरवालों को सूचना दी। पिता ने बताया कि तड़के ढाई बजे उसे कोतवाली पुलिस ने सूचना दी। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था। मात्र एक बहन है। कोतवाली प्रभारी सविता श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना में अतर्रा थाना क्षेत्र के अनथुआ गांव की शिवप्यारी (45) पत्नी रामदत्त कुशवाहा मंगलवार को अपने भतीजे विजय करण के साथ बाइक पर कमासिन थाना क्षेत्र के लाखीपुर गांव रिश्तेदारी में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गई थी। शाम को भतीजे के साथ ही बाइक पर लौट रही थी। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के उमरहनी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। शिव प्यारी की वहीं मौत हो गई। भतीजा विजय गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यूपी-112 पुलिस ने दोनों को बबेरू सीएचसी पहुंचाया। डाक्टरों ने शिवप्यारी की मृत्यु की पुष्टि कर दी। विजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शिवप्यारी के पति रामदत्त ने बताया कि मृतका के तीन बच्चे हैं। कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
---------