बांदा। ब्रेकर में उछलकर बाइक सवार गिर गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बाइक पर बैठे दो अन्य गंभीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जालौन के निपनिया गांव निवासी अरविंद यादव (38) करीब 20 साल से गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुर्जुग गांव में किराए के मकान में रह रहा था। वह खुरहंड पावर हाउस में संविदा लाइन मैन के रूप में तैनात था। बुधवार को गांव के लखन यादव की शादी थी। बरात बिसंडा थाना क्षेत्र के अमवां गांव गई थी। बरात में शामिल होने के लिए अरविंद यादव अपने साथी निवासी बड़ोखर बुजुर्ग (29) व जय सिंह (30) के साथ गया था। वहां से तीनों गुरुवार की सुबह बरात से लौट रहे थे। एक ही बाइक में तीनों सवार थे।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव के पास पुलिया निर्माण को लेकर ब्रेकर बनाए गए थे। उन्हीं ब्रेकर से तेज रफ्तार बाइक उछल गई। जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसमें अरविंद यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शरीफ व जय को ग्रामीणों ने पुलिस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें कानपुर रेफर किया गया है।