बबेरू (बांदा)। शादी समारोह से लौट रहे सास-दामाद की बाइक सांड़ से टकरा गई। इसके बाद बाइक खंती में गिर गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी सास की मौत हो गई। दामाद मामूली रूप से घायल है। बिसंडा थाना क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी सुमन (45) अपने दामाद लवकुश मिश्रा (22) के साथ बाइक से अछरौड़ गांव से 25 जनवरी को पल्हरी गांव जा रही थीं। शाम सात बजे करीब मुरवल गांव के आगे पल्हरी रोड पर अचानक सामने से सांड़ आ गया।
इससे बाइक चालक लवकुश मिश्रा का संतुलन बिगड़ गया और वह सांड़ से टकराकर खंती में जा गिरा। हादसे में बाइक पर पीछे बैठीं सास सुमन सिर के बल सड़क पर गिर गईं। मौके पर ही मौत हो गई।
दामाद लवकुश मिश्रा ने बताया कि सुमन की बहन रानी के पुत्र गोविंद की शादी 19 जनवरी को थी। शादी में शिरकत करने पूरा परिवार गया हुआ था। 25 जनवरी को वह सास को लेकर वापस गांव जा रहा था। तभी हादसा हो गया।
बताया कि सुमन के पति रघुवंशमणि त्रिपाठी की सात साल पहले लीवर की बीमारी से मौत हो गई थी। सुमन बंटाई पर खेत लेकर खेती किसानी करतीं थीं। दो पुत्र व एक पुत्री है। मौके पर समाजसेवी पीसी पटेल भी पहुंचे थे। बिसंडा इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि सांड़ से बाइक टकरा गई थी। इससे महिला की मौत हो गई।