डीएम सुरेश कुमार ने राजस्व और पुलिस अफसरों से कहा है कि पंचायत चुनाव के
मद्दे नजर पूरी सतर्कता बरतें। छोटे मामलों को भी गंभीरता से लेकर
निपटाएं। उधर, एसपी राकेश शंकर ने थानाध्यक्षों से कहा कि धारा 151, 107,
116 में किसी बेगुनाह को हरगिज परेशान न किया जाए। महिला, बच्चे, विकलांग
और सीनियर सिटीजन को पाबंद नहीं किया जाना चाहिए।
गुरुवार को
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम और एसपी ने संयुक्त बैठक की। एसडीएम, सीओ,
तहसीलदार, थाना प्रभारी आदि शामिल रहे। डीएम ने कहा कि राजस्व और पुलिस
विभाग के अधिकारी व कर्मचारी क्षेत्र में नियमित भ्रमण करें। छोटी घटनाओं
को भी संज्ञान में लेकर कार्रवाई करें।
भूमि या अन्य अपराधिक मामलों की
जानकारी एसडीएम को दें। लेखपाल भी सतर्कता बरतें। एसपी ने थानाध्यक्षों को
निर्देश दिया कि मतदेय स्थलों व बूथों को चिह्नित करें। अपराधिक किस्म के
लोगों पर कार्रवाई करें। शस्त्र लाइसेंसों का भौतिक सत्यापन करें। एडीएम
दयाशंकर पांडेय ने अफसरों से कहा कि रोजाना 10 से 12 बजे तक जन सुनवाई में
आई शिकायतों का तत्परता से निपटारा करें। किसी भी गलत का साथ हरगिज न दिया
जाए।