बांदा। महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर रेलवे पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। मंगलवार को कोतवाली नगर की मिशन शक्ति टीम ने रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ के साथ मिलकर यात्रियों को जागरूक किया। इस दौरान शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महिला सुरक्षा योजनाओं, सहायता सेवाओं और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को 1090, 181, 112 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं, महिला अपराधों से जुड़े कानूनों तथा सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने रेलवे यात्रियों को नवीनतम साइबर अपराधों जैसे केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग ई-मेल आदि के प्रति सतर्क किया।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं या वेबसाइट व साइबर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। अभियान के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया।