बांदा। द्वारचार के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में घायल हुए बराती की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के असोह गांव निवासी मइयादीन (44) पुत्र बल्देव दो दिन पूर्व बुधवार को गांव के ही राजा यादव के पुत्र की शादी में बिसंडा थाना क्षेत्र के उमरेंहडा गांव आया था। वहां द्वारचार के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर से की जा रही हर्ष फायरिंग की गोली उसके पेट में जा लगी। बरात में भगदड़ मच गई। घर के लोग आनन फानन घायल को लेकर कानपुर चले गए। पुलिस को सूचना नहीं दी।
शुक्रवार की शाम कानपुर स्थित प्राइवेट अस्पताल में मइयादीन की मौत हो गई। परिजन शनिवार को यहां शव लेकर लौटे और पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी प्रतिमा सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है लेकिन तहरीर नहीं मिली।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, शिनाख्त नहीं
बांदा। भरुआ सुमेरपुर रेलवे क्रासिंग के पास से जीआरपी ने शुक्रवार की शाम गैंगमैन की सूचना पर 55 वर्षीय व्यक्ति का शव रेल ट्रैक से बरामद किया है। मृतक धोती कुर्ता पहने हुए है। इंस्पेक्टर रामबरन सिंह का कहना है कि पहचान नहीं हो सकी है। ट्रेन से कट कर मौत होना बताया।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला केवटरा निवासी छोटू (35) पुत्र श्रीकृष्ण शनिवार की सुबह रेल ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गया। इसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।