अतर्रा में हॉटस्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण करते डीएम अमित सिंह बंसल और एसपी डा.एसएस मीणा।
- फोटो : BANDA
अतर्रा(बांदा)। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल और एसपी डॉ.सिद्धार्थ शंकर मीणा ने मंगलवार को नरैनी रोड (कोरोना बफर जोन) का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से घरों में रहने की अपील की। आवश्यक वस्तुओं की घर-घर आपूर्ति का भरोसा दिलाया। ड्यूटी में लगे कर्मियों को सावधानी बरतते हुए संक्रमण से सुरक्षा के भी निर्देश दिए।
बफर जोन सहित पूरे नगर में दिन में दो बार सैनिटाइजेशन और प्रतिबंधित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। एसडीएम और सीओ को निर्देश दिए कि नरैनी रोड पर लगाए गए प्रतिबंधों पर पूरी तरह से पालन कराया जाए। हॉटस्पॉट क्षेत्र में कोई भी दुकान न खुले। घर से बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम जेपी यादव, सीओ सियाराम, इंस्पेक्टर रवींद्र तिवारी सहित नगर पालिका परिषद के कर्मचारी और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। उधर, इसके पूर्व डीएम और एसपी ने तुर्रा गांव में विसाहिल नाला के पास प्राकृतिक जल कुंड का भी निरीक्षण किया। यहां चल रहे सुंदरीकरण का मुआयना किया।
100 लोगों के लिए सैंपल
अतर्रा। सीएचसी परिसर में मंगलवार को 100 लोगों ने कोविड-19 की जांच कराई। स्वास्थ्य टीम ने नाक और मुंह से स्वॉब का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.देव तिवारी ने बताया कि चिह्नित किए गए लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अस्पताल में इमरजेंसी सेवाओं के अलावा अन्य सेवाएं ठप हैं।