बांदा। बच्चे की हत्या के जुर्म में दुबई की अबूधावी जेल में बंद मटौंध के गोयरा मुगली की शहजादी को 21 सितंबर को फांसी होगी। पिता ने बताया कि बेटी ने खुद फोन पर यह जानकारी दी है।
पिता शब्बीर ने मीडिया को शनिवार की शाम दुबई की अबुधाबी जेल से बेटी का फोन आया। फोन रिसीव करते ही वह फफक पड़ी। बोली, पापा बचा लो, 20 दिन बाद मुझे फांसी पर चढ़ा देंगे। बताया कि जेल के कुछ सिपाही उसके पास आए थे। बोले तुम्हें 21 सितंबर को फांसी हो जाएगी। तुम्हें सरकार से तीन फोन करने की इजाजत है, चाहे जिसे कर लो।
पिता ने कहा कि मेरी बेटी निर्दोष है। उसे कुछ लोग बरगलाकर ले गए और दुबई में बेच दिया। बेटी ने बताया कि वहां पर उसके साथ वो जुर्म किया गया, जिसे वह बयां नहीं कर सकती। इसकी रिपोर्ट अदालत के आदेश पर मटौंध थाने में दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
शब्बीर का कहना है कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि मानव तस्करी व धोखाधड़ी की गंभीर धारा के अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मुख्य मुल्जिम उजेर की जमानत की याचिका 12 जुलाई को उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया है। आदेश दिए कि अभियुक्त निचली अदालत में जमानत के लिए जाएं। इसके बाद भी पुलिस सक्रिय नहीं है। बेटी को फांसी होती है तो इसके लिए यहां की पुलिस जिम्मेदार होगी।