Banda: Youth dies due to collision with overloaded truck, partner's condition is critical
- फोटो : BANDA
खप्टिहाकलां (बांदा)। ओवरलोड ट्रक आम लोगों की जान ले रहे हैं। शुक्रवार की रात ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। युवक की मौत मुंह और जबड़े में अधिक चोट के कारण बताई जा रही है।
पैलानी थाना क्षेत्र के नरौली गांव के बलदेव यादव का बेटा श्याम सुंदर (28) दोस्त ज्ञान सिंह (27) के साथ बांदा शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। दोनों बाइक से शुक्रवार की देर रात गांव नरौली लौट रहे थे। कालेश्वर और निवाइच के बीच ओवरलोड ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंचे चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश द्विवेदी ने दोनों को जिला चिकित्सालय भेजा। श्याम सुंदर को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ज्ञानसिंह की हालत गंभीर बनीं हुई है। बाइक श्याम सुंदर चला रहा था, जबकि ज्ञान पीछे बैठा था। चौकी इंचार्ज का कहना है कि किस ट्रक से हादसा हुआ है, इसकी जांच की जा रही है।