बांदा। दो दिन पूर्व यहां आकर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर गए सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) विनीत सिंह ने स्टेशन प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके स्थान पर चित्रकूट के यातायात निरीक्षक (टीआई) को प्रभारी स्टेशन प्रबंधक के रूप में कार्यभार सौंपा है। उधर, कैंटीन संचालक और अवैध वेंडरों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एडीआरएम झांसी ने गुरुवार को पूरे स्टेशन का घूम-घूम कर निरीक्षण किया था। प्लेटफार्म नंबर-1 पर सीएंडडब्ल्यू कार्यालय के बाहर स्कूटी और बाइक खड़ी देखी। जुर्माना करने के निर्देश दिए थे। आरक्षित श्रेणी के यात्री प्रतीक्षालय में सामान्य यात्री और भिखारी व वेंडर सोते मिले। रेलवे स्टेशन में गंदगी और अंधेरगर्दी भी खूब सामने आई।
एडीआरएम ने स्टेशन प्रबंधक को कार्रवाई की चेतावनी दी थी। निरीक्षण से वापस झांसी लौट जाने के बाद एडीआरएम ने शुक्रवार को देर शाम स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन का मेमो स्टेशन प्रबंधक ने प्राप्त कर लिया। उनके स्थान पर चित्रकूट के यातायात निरीक्षक (टीआई) केके वर्मा को प्रभारी स्टेशन प्रबंधक का कार्यभार सौंपा है।
उधर, एडीआरएम ने यहां के स्टेशन प्रबंधक को लिखित निर्देश भेजे हैं कि प्लेटफार्म में सामान बेचने वाले वेंडरों के परिचय पत्र जारी करें और समय-समय पर सभी का मेडिकल चेकअप कराया जाए। अवैध वेंडरों को गिरफ्तार कर जुर्माना वसूला जाए।