बांदा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव के पास हुआ। यहां बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे हादसे में आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही बोलेरो टकरा गई। इसमें जालौन के दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के इंगोहटा गांव निवासी कामता के मुताबिक, उनका भतीजा संदीप (23) गांव के ही लाला (25) के साथ शनिवार रात चित्रकूट के दीपदान मेले में गया था। रविवार सुबह दोनों कामतानाथ के दर्शन और परिक्रमा करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव के पास बाइक चला रहे संदीप को झपकी आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में संदीप और लाला गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची मटौंध थाना पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हादसे के समय बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। संदीप दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता हजारी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मटौंध थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दूसरा हादसा भी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुआ। चित्रकूट में दर्शन-पूजन कर लौट रहे आठ लोगों से भरी बोलेरो आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने पर अनियंत्रित हो गई और पीछे से कार में जा घुसी। टक्कर में बोलेरो सवार जालौन जिले के बम्हौरी खुर्द निवासी गिरजा देवी (45) और इंदल (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बोलेरो में सवार छह अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उनका भी उपचार कराया जा रहा है।