नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में गुरुवार की शाम 30 वर्षीय कुसुमकली की जहर से मौत हो गई। मायके पक्ष ने जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए ससुरालियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
रमना पुरवा थाना धरमपुर पन्ना (म.प्र.) निवासी मृतका के चाचा इंद्रपाल व भाई रामसिया ने बताया कि कुसुमकली की शादी 15 साल पूर्व हुई थी। दो बच्चे हैं। शुक्रवार को दोपहर उन्हें फोन पर कुसुमकली की बीमारी की सूचना दी गई। वे यहां आए तो उसकी हालत काफी नाजुक थी। कोई बात नहीं हो पाई। चाचा व भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल में कुसुमकली को जहर खिलाकर हत्या की गई है। उन्होंने इस आशय की कोतवाली में तहरीर भी दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिल गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।