बांदा। महानगर से कमाकर लाए रुपये जुएं में गंवा दिया। इसके बाद फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव घर से कुछ दूर बबूल के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव के मजरा खेवहन डेरा में रामजीत (20) पुत्र रामप्रकाश निषाद का शव घर से करीब सौ मीटर दूर पेड़ से लटका था। सोमवार को सुबह कोचिंग जा रहे गांव के छात्रों ने शव लटका देख परिजनों को जानकारी दी। पोस्टमार्टम हाउस में मामा पृथ्वीपाल निषाद ने बताया कि रामजीत अहमदाबाद में लोहे की फैक्टरी में मजदूरी करता था।
दीपावली मनाने वह शनिवार को घर लौट आया, लेकिन वह घर न जाकर महुवर गांव चला गया। रविवार को उसने गांव के युवक से अपना बैग घर भेज दिया और वहां से गड़रिया गांव चला गया।
बताया जाता है कि जुए में लगभग 10,000 रुपये हार गया। कमाकर लाई रकम हार जाने से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। पिता बरेहटा गांव में रहते हैं। यहां डेरा में मां रुकमिन के साथ रहता था।