बांदा-फतेहपुर हाइवे पर निर्माण के लिए खोद दिया गया सड़क का फुटपाथ दुर्घटनाओं की वजह बन गया है। यहां हादसे आम हैं। गत 24 घंटे में हुई छह दुर्घटनाओं में चार की मौत और लगभग एक दर्जन लोग घायल हो चुके हैं।
बेंदाघाट प्रतिनिधि के अनुसार, बांदा-फतेहपुर हाइवे का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सड़के के दोनों ओर फुटपाथ को जेसीबी मशीन से खोद फेंका गया है। दोनों ओर खाई हो गई है। पीडब्ल्यूडी ने न तो कोई सुरक्षा बाड़ बनाई है न ही संकेत के कोई इंतजाम किए हैं। रात में वाहन सड़क से खुदाई में गिरते ही पलट रहे हैं।
उधर, खोदी गई मिट्टी से रात-दिन वाहनों की धमाचौकड़ी से उड़ रही धूल से सड़क किनारे आबाद गांवों के लोगों की जिंदगी दूभर हो गई है। खुदाई के बाद सड़क सकरी होने से दिन और रात में बार-बार जाम लग रहा है। हाल ही के दिनों में मैजिक पलटने से महोखर निवासी सोनू की मौत हो गई थी।
मुंगुस गांव के पास रोडवेज बस पलटने से करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। ट्रैक्टर पलटने से दादी व नाती की मौत हो गई और दो दर्जन लोग जख्मी हो गए। ट्रक पलटने से कालूकुआं निवासी बृजेश राजपूत की मौत हो गई। जसईपुर के पास बस पलटने से कई बाराती घायल हो गए। पीडब्ल्यूडी पर दुर्घटनाओं का असर नहीं पड़ा है। सड़क निर्माण का काम ठप पड़ा है।