बांदा। कोरोना की दूसरी लहर थमने के बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम गुलजार होने लगा। हाल ही में स्टेडियम खुलने के बाद यहां पहला कबड्डी मुकाबला हुआ। मंडलीय मैत्री मैच में बालक वर्ग में खरेला (महोबा) और बालिका वर्ग में स्टेडियम बांदा ने जीत दर्ज की। दोनों विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
कबड्डी का पहला मुकाबला बालक वर्ग की टीमों के बीच हुआ। खरेला (महोबा) टीम ने बांदा स्टेडियम को 52-50 अंक से पराजित किया। दूसरा मैच बालिका वर्ग के बीच खेला गया। इसमें स्टेडियम बांदा ने खरेला की टीम को 50-45 अंकों से शिकस्त दी। विजेता और उप विजेता टीमों के खिलाड़ियों को आयोजकों ने सम्मानित किया।
खेल की शुरुआत नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष राजकुमार राज समेत व्यापारी नेता अमित सेठ भोलू और वरिष्ठ खिलाड़ी शिवकुमार गुप्ता और गजराज सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर की। कोच कमल सिंह यादव ने बताया कि कोरोना की वजह से खिलाड़ियों का प्रशिक्षण प्रभावित रहा।
अब स्टेडियम खुलने के बाद खिलाड़ियों ने फिर खेल के प्रति मेहनत शुरू कर दी। इस अवसर पर महेश गर्ग, नितिन द्विवेदी, नरेंद्र पाठक, श्याम सुंदर विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे। संचालन डॉ. इंद्रवीर सिंह ने किया।