Banda: Groom's cousin died due to bursting of firecrackers, one injured
- फोटो : BANDA
ओरन। बरात में पटाखे छुड़ाने में दूल्हे के ममेरे भाई की मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सादगी से विवाह किया गया।
बदौसा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी छोटेलाल के पुत्र दीनबंधु की बरात गुरुवार को बिसंडा के पारा गांव गई थी। दूल्हे दीनबंधु का ममेरा भाई बबेरू कोतवाली के भदेहदू गांव निवासी राकेश (22) और अतर्रा निवासी आशीष (19) बरात में पटाखे छुड़ाने लगे। तभी पटाखे वाले झोले में आग लग गई और तेज धमाके हो गए। राकेश और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए। बरातियों ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। यहां डॉक्टर ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे आशीष का इलाज चल रहा है। बिसंडा थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
राकेश मजदूरी करता था। दो भाई और एक बहन में बड़ा था। तीन जुलाई को उसने अपनी बहन की शादी की थी। राकेश की मौत से मां और पिता बेसुध हैं। ईएमओ डॉ. एसके मौर्या ने बताया कि विस्फोटक पदार्थ की चोट से राकेश की मौत हो गई, दूसरा झुलस गया।