बांदा। भागवत प्रसाद मेमोरियल क्रिकेट मैदान में तीन मैचों की सिरीज में दूसरे दिन बुधवार को बांदा व छतरपुर की टीम के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में बांदा ने छतरपुर को हराया। अमित की 85 रन की शानदार पारी भी टीम को हार से नहीं बचा सकी।
खेल मैदान में बुधवार को छतरपुर (मध्य प्रदेश) और बांदा (भागवत प्रसाद क्रिकेट एकेडमी) के बीच टॉस कराया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छतरपुर क्रिकेट अकादमी ने 39.2 ओवर में 214 रन बनाए। अमित रायकवार ने सात चौकों व चार छक्कों की मदद से 85 रन की पारी खेली। मुकेश कुशवाहा ने 23 रन का योगदान दिया। सुनील कुमार ने तीन, जैद खान, विकल्प और हिमांशु ने दो-दो विकेट लिए।
214 रनों का पीछे करने उतरी भागवत प्रसाद क्रिकेट अकादमी की टीम ने विकेट में 215 रन बना लिए। वरुण दीक्षित ने 104 रन बनाए। इसमें नौ चौके व दो छक्के शामिल रहे। वहीं सचिन केसरी ने 25 रनों का योगदान दिया। मध्य प्रदेश छतरपुर क्रिकेट अकादमी की तरफ से बॉलिंग करते हुए अंश साहू ने तीन विकेट और विकास -कार्तिक ने दो-दो विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरुण दीक्षित को मिला। भागवत प्रसाद क्रिकेट अकादमी के ऑनर अंकित कुशवाहा, डिस्ट्रिक्ट किकेट एसोसिएशन के सचिव वासिफ जमा खां, सीनियर खिलाड़ी, डिस्ट्रिक्ट कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके खेल की सराहना की। मैच का संचालन क्रिकेट कोच सलमान खान ने किया।