नरैनी (बांदा)। अवैध खनन की बालू लेकर जा रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने दरवाजे पर खड़ी महिला को कुचल दिया। उसकी वहीं मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मृतका के पुत्र ने अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के पांड़ादेव (रिसौरा) गांव की है। गुरुवार की रात करीब 10 बजे किसी कार्यवश प्रेमा (60) पत्नी रामऔतार कुशवाहा दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान केन नदी से बालू लादकर आ रहे मिनी ट्रक (डग्गी) ने उसे कुचल दिया। उसकी वहीं मौत हो गई।
पुत्र राजकुमार ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी दीपक कुमार पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध 279 व 304 ए आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वाहन को कब्जे में ंले लिया गया है। चालक फरार हो गया।
पुत्र राजकुमार ने बताया कि गांव में केन नदी किनारे टीलों में बालू का अवैध खनन रात-दिन मशीनों से हो रहा है। ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से बालू की ढुलाई हो रही है। ये वाहन बस्तियों से फर्राटे भर रहे हैं। समाधान दिवस पर गांव के लोग इसकी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
गौरतलब है कि करीब एक माह पहले विधायक राजकरन कबीर ने रात में नदी किनारे पहुंचकर खनिज अधिकारी और तहसीलदार को मौके पर बुलाकर अवैध खनन पकड़ाया था। इसके बाद भी अवैध खनन पर लगाम नहीं लगी।