बदौसा। शास्त्री ग्राउंड में चल रहे प्रोफेसर दीनानाथ पांडेय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का 8वां व अंतिम लीग मैच मेजबान बदौसा ए टीम ने जीत लिया। उसने चित्रकूट की कामतन टीम को 64 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल का रास्ता साफ कर लिया।
बुधवार को मैच का उद्घाटन बदौसा थानाध्यक्ष नरेश प्रजापति ने फीता काटकर और टीमों से परिचय लेकर किया। बदौसा ए टीम के कप्तान इरफान खां ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। ओपनर बल्लेबाज कल्लू द्वितीय ने 63 रनों की शानदार पारी खेली।
कप्तान इरफान ने 32 और कल्लू प्रथम ने 27 रन बनाए। 20 ओवरों के मैच में 8 विकेट पर बदौसा ए टीम ने 183 रनों का स्कोर खड़ा किया। कामतन टीम के कप्तान सतीश ने हैट्रिक समेत 4 विकेट लिए। अनूप और शानू ने 2-2 विकेट गिराए।
कामतन टीम के ओपनर बल्लेबाज अन्नू ने 21 और अनूप यादव ने 40 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज ज्यादा नहीं टिक पाए। 9 विकेट खोकर 119 रनों पर ही पूरी टीम आउट हो गई। बदौसा-ए टीम को 64 रनों से विजयी घोषित किया गया। अंपायर पंकज पांडेय व दद्दू यादव, कमेंटेटर जलील खां, अवध व मुईन तथा स्कोरर संजय तिवारी रहे। आयोजन समिति के खलील खां, शहनवाज खां शानू, रक्खू खां व राहुल तिवारी आदि उपस्थित रहे।