बांदा। दबंग ने किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। मां ने विरोध किया तो ईंट मारकर सिर फोड़ दिया। कई दिन चक्कर लगाने के बाद मां-बेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव की किशोरी ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल को शाम उसकी मां हैंडपंप पर नहाने गई थी। तभी पड़ोसी दबंग घुस आया और दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी बीच मां आ गई तो दबंग ने ईंट मारकर मां का सिर फोड़ दिया। किशोरी ने बताया कि जब वह मां के साथ थाने पहुंची तो वहां आरोपी दबंग पहले से पिता के साथ था। थानाध्यक्ष ने किशोरी को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। अन्य कार्रवाई नहीं की। आरोपी का पिता दबंग और रसूखवाला है। उसी के दबाव में पुलिस कुछ नहीं कर रही। किशोरी ने अदालत में अपने बयान दर्ज करवाने और आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग की।
इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी का मेडिकल और अदालत में धारा 164 के बयान दर्ज कराकर अगली कार्रवाई की जाएगी। अभी गिरफ्तारी नहीं की गई है।