बांदा। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष को रास्ते में दो लोगों ने घेर लिया। मारपीट करते हुए जमीन पर गिरा दिया और गमछे से गले में फंदा कसकर हत्या करने की कोशिश की। शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख हमलावर भाग निकले। पुलिस ने पिता और दो पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओरन के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी ने बिसंडा थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार रात वह गांव में ही शंकर पांडेय से मिलने उनके घर गए थे। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे राजेश और राजाभइया ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। अभद्रता करते हुए मारपीट की। उनके जमीन पर गिर जाने पर गमछे से गले में फंदा कसकर हत्या करने की कोशिश की। शोरशराबा सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग निकले।
थाना प्रभारी बिसंडा कौशल सिंह ने बताया कि आरोपी राजेश, राजाभइया और उनके पिता गया प्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, पीड़ित ने बताया कि उनके बटाईदार गरीब कुशवाहा का जमीन संबंधी विवाद आरोपियों से चल रहा था। बटाईदार राजकरन कुशवाहा के नाम जमीन है। इसकी पैमाइश हल्का लेखपाल व नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हो चुकी है।
उप जिलाधिकारी व तहसीलदार ने भी अपनी रिपोर्ट लगाते हुए कहा है कि राजकरन चाहे तो जमीन पर निर्माण कर सकता है। जबकि आरोपी जमीन को जबरन हड़पना चाहते हैं। पीड़ित ने बताया कि उसने बटाईदार की मदद की, इस पर रंजिश मानते हुए उन पर जानलेवा हमला किया गया।