अतर्रा। सफाईकर्मी की नाबालिग बेटी को पिकअप सवार दो युवकों द्वारा अपहृत कर ले जाने की कोशिश नाकाम हो गई। किशोरी के शोर मचा देने पर परिजनों ने आरोपियों को घेरकर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना क्षेत्र के बनसखा गांव का रहने वाला सफाईकर्मी यहां सतउवा पुरवा में किराए के मकान में रहता है। गुरुवार को यहां रहने वाला एक युवक अपने साथी के साथ सफाईकर्मी की 15 वर्षीय पुत्री को दिनदहाड़े जबरन डीजे वाली पिकअप में बैठाकर ले जा रहा था। लड़की के शोर मचाने पर परिजन आ गए और घेरकर दोनों को पकड़ लिया।
यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस ने आकर दोनों आरोपियों को कब्जे में ले लिया। आरोप है कि यूपी-112 पुलिस कर्मी सुलह-समझौते का दबाव डाल रहा है। लड़की के पिता ने थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर रविंद्र तिवारी ने बताया कि घटना की उन्हें जानकारी मिली है। जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
सफाईकर्मी को दबंग भाइयों ने पीटा
अतर्रा। सफाईकर्मी ने पड़ोसी दबंग दो भाइयों पर घर में पथराव, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दिखितवारा गांव के मजरा निवासी श्रीकिशन वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह चित्रकूट जिले में सफाई कर्मी है। बुधवार की रात पड़ोसी दो भाई लाठी-डंडे लेकर आए और पथराव के साथ हमला कर दिया। किसी तरह उसने जान बचाई। थाने के एसएसआई वीर प्रताप सिंह ने कहा है कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।