मूंग फसल का निरीक्षण करते केंद्रीय सहायक निदेशक डा. महेश।
- फोटो : अमर उजाला
भारत सरकार कृषि मंत्रालय के सहायक निदेशक (एडी) ने गांवों में जाकर केंद्रीय योजनाओं का फीड बैक लिया। अतर्रा में जैविक फार्म में वर्मी कंपोस्ट की प्रगति देखी। बड़ोखर ब्लाक के गांवों में फसलों का प्रदर्शन एवं खेत-तालाबों का निरीक्षण किया। किसानों से बातचीत कर योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
तीन दिवसीय भ्रमण पर आए केंद्रीय कृषि मंत्रालय के सहायक निदेशक डॉ.महेश बुधवार को स्थानीय कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ अतर्रा स्थित किसान विज्ञान शुक्ला के जैविक फार्म में जाकर वर्मी कंपोस्ट, खेतों में तैयार फसलों को देखा। साथ ही पास में खोदे गए खेत-तालाब का निरीक्षण किया। बड़ोखर विकास खंड के ग्राम परमपुरवा में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत संचालित क्लस्टर प्रदर्शन में मूंग की फसल एवं मिनीकिट प्रदर्शन के तहत तैयार तिल की फसल का भी जायजा लिया।
स्थानीय किसानों से बातचीत की और भारत सरकार की कृषि योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया। केंद्रीय सहायक निदेशक ग्राम सौंता पहुंचे और वहां खेत-तालाब व मूंग की फसल का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित मानक के अनुसार तालाब खोदे जाएं। जिससे जल संचयन ज्यादा हो सके। निरीक्षण के दौरान उपकृषि निदेशक एके सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी (राष्ट्रीय जलागम) सौरभ यादव व भूमि संरक्षण अधिकारी मैदानी उपस्थित रहे। उपकृषि निदेशक ने बताया कि गुरूवार को भी सहायक निदेशक गांवों में कृषि योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। प्रगति रिपोर्ट केंद्र को सौंपेंगे।