बांदा। तीन युवतियों के यौन शोषण के चौथे आरोपी आशीष अग्रवाल ने गुरुवार को सुबह कोर्ट में समर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है। बताते हैं कि आरोपी आशीष न्यायालय परिसर में सुबह-सुबह ही पहुंच गया था। वह अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की निगाह से भी छिपता रहा।
इससे एक दिन पूर्व बुधवार को आरोपी गुटखा व्यवसायी स्वतंत्र साहू ने एससी-एसटी कोर्ट में समर्पण किया था। पुलिस ने आरोपी खूंटी चौराहा निवासी व्यवसायी नवीन विश्वकर्मा को 27 मार्च और पल्हरी गांव निवासी व्यवसायी लोकेंद्र सिंह को दो अप्रैल को तड़के मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक होटल से गिरफ्तार किया था। इस कांड के चारों आरोपी अब जेल पहुंच चुके हैं।
यह था मामला : शहर कोतवाली में 22 मार्च को तीन युवतियों ने शहर के तीन बड़े कारोबारियों ऑटो पार्ट्स व्यवसायी आशीष अग्रवाल, गुटखा व्यवसायी स्वतंत्र साहू और ठेकेदार लोकेंद्र सिंह के खिलाफ यौन शोषण और दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना कर रहे सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने अन्य व्यवसायी शहर के खूंटी चौराहा निवासी नवीन विश्वकर्मा को उसके घर से 27 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। वह जेल में हैं। विवेचक की अर्जी पर विशेष न्यायाधीश एससीएसटी ने आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।