छाबी तालाब स्थित आरोग्य मंदिर में महिला मरीज को देखते लैब टेक्निशियन (पीली शर्ट)। संवाद
बांदा। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले आरोग्य मेले में औपचारिकता की जा रही है। इन आरोग्य मंदिरों में कहीं डॉक्टर मरीजों को देखते मिले तो कहीं लैब टेक्नीशियन। एक सेंटर में डॉक्टर और फार्मासिस्ट दाेनों ही नहीं मिले। पेश है, आरोग्य मंदिर की पड़ताल करती हुई खबर...
लैब टेक्नीशियन के भरोसे आरोग्य मंदिर
बांदा। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरोग्य मंदिर छाबी तालाब में डॉ. नीरज गौतम छुट्टी पर रहे। यहां मरीजों को देख रहे लैब टेक्नीशियन राहुल प्रजापति ने बताया कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं। फार्मासिस्ट प्रशांत कुमार के रिश्तेदार बीमार हैं तो वह भी छुट्टी लगाकर चले गए हैं। यहां आयुष विभाग से डॉ. रामप्रसाद त्यागी मौजूद मिले। उन्होंने बताया कि आयुष से संबंधित 13 मरीज और मौसमी बुखार से संबंधित 21 मरीज दोपहर तक आए हैं। इसी तरह नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरोग्य मंदिर आजाद नगर में डॉ. श्रवण कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद मिले। इस केंद्र में मौसमी बुखार के 18 मरीज आए थे।
पीएचसी सिमौनी में 32 मरीजों का इलाज
बबेरू। पीएचसी सिमौनी में आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। यहां बुखार और जुकाम के 32 मरीज आए। पीएचसी सिमौनी में तैनात डॉ. विनोद भारती ने मरीजों काे देखकर उनको दवा लिखीं। यहां वार्ड ब्वाय राहुल कुमार व सफाई कर्मी मुकेश आदि मौजूद रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश ने बताया कि सिमौनी के अलावा भभुवा, पखरौली, अहार, रयान, शिव गांवों में पीएचसी में आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। कुल 270 मरीज देखे गए।
-
सीएचसी में टिटनेस इंजेक्शन का स्टॉक खत्म
अतर्रा। सीएचसी में पिछले एक सप्ताह से टिटनेस इंजेक्शन का स्टॉक खत्म होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोहा या नुकीली वस्तुओं से घायल होने वाले लोगो को सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन न मिलने पर बाहर के मेडिकल स्टोर से महंगे दामों में खरीदना पड़ रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि जल्द ही बांदा से टिटनेस इंजेक्शन का नया स्टॉक मंगाया जाएगा। अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि टिटनेस इंजेक्शन शरीर में धातु से लगी चोटों के कारण होने वाले संक्रमण (टिटनेस रोग) से बचाने के लिए लगाया जाता है। यह संक्रमण मांसपेशियों को जकड़ने और जानलेवा झटके पैदा करने तक का कारण बन सकता है।