बांदा। बांदा विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने पं. दीनदयाल पुरम और तुलसी नगर आवासीय योजना के तहत खाली बचे भूखंडों की नीलामी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 20 नवंबर से 10 दिसंबर तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पं. दीनदयाल पुरम योजना में एचआईजी और एमआईजी श्रेणी के आवासीय भूखंडों के अलावा होटल, व्यावसायिक, ग्रुप हाउसिंग और स्कूल के भूखंड नीलाम किए जाएंगे।
यहां आवासीय भूखंडों की दर 20,100 रुपये प्रति वर्गमीटर, होटल और व्यावसायिक भूखंडों की 37,200 रुपये, ग्रुप हाउसिंग की 27,900 रुपये और स्कूल भूखंड की दर 18,600 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित है। योजना में 130 से 254.70 वर्गमीटर तक के एचआईजी भूखंड और 162 वर्गमीटर के चार एमआईजी भूखंड शामिल हैं।
इसके अलावा तीन होटल और पांच व्यावसायिक भूखंड भी नीलामी में रखे गए हैं। तुलसी नगर योजना में तीन व्यावसायिक भूखंड, 86.70 वर्गमीटर का एक कन्वीनिएंट शॉप भूखंड, दो स्कूल भूखंड और 6784.68 वर्गमीटर का एक ग्रुप हाउसिंग भूखंड शामिल है। यहां व्यावसायिक भूखंडों की दर 30 हजार, स्कूल की 15 हजार और ग्रुप हाउसिंग की दर 22,500 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है।
आवासीय भूखंडों के लिए 10 प्रतिशत और व्यावसायिक सहित अन्य अनावासीय भूखंडों के लिए पांच प्रतिशत जमानत राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। आवेदक केवल उसी भूखंड के लिए बोली लगा सकेगा, जिसके लिए उसने आवेदन किया है।
सभी भूखंड ‘जैसा है, जहां है’ के आधार पर आवंटित किए जाएंगे। नीलामी के लिए आवेदकों को निर्धारित तिथि पर नवीन बीडीए कार्यालय भवन, पं. दीनदयाल पुरम आवासीय योजना, नरैनी रोड में सुबह 10 बजे उपस्थित होना होगा।
बीडीए सचिव मदनमोहन वर्मा ने बताया कि खाली बचे भूखंडों के लिए दोबारा मौका दिया गया है। इच्छुक लोग निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।