प्राथमिक विद्यालय में परीक्षा देते बच्चे।
- फोटो : प्रतीकात्मक फोटो
बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में वार्षिक परीक्षा 18 मार्च से शुरू होंगी। दो मार्च से परीक्षा संबंधी तैयारियां शुरू हो जाएंगी। बेसिक शिक्षा सचिव ने बीएसए को पत्र भेजकर नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा सचिव संजय सिन्हा ने बीएसए को भेजे निर्देश में कहा है कि पिछले साल की परिषदीय परीक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा कार्यक्रम के क्रम में दो मार्च को समय सारिणी व निर्देश विकास खंड, संकुल व विद्यालय भेजे जाएंगे। तीन मार्च से जिला स्तर पर कक्षा एक से पांचवीं तक और कक्षा छह से आठवीं तक के प्रश्नपत्र तैयार होंगे। 13 मार्च को प्रश्नपत्रों का मुद्रण व शील्ड पैकेट डायट प्राचार्य की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखे जाएंगे।
15 मार्च को डायट प्राचार्य परीक्षा से तीन दिन पहले प्रश्नपत्रों के शील्ड पैकेट बीईओ को उपलब्ध कराएंगे। 16 मार्च को बीईओ परीक्षा शुरू होने के दो दिन पहले प्रश्नपत्रों के शील्ड पैकेट केंद्रीय विद्यालय (संकुल विद्यालय) के प्रधानाध्यापक के सुपुर्द करेंगे। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ये प्रश्नपत्र संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएंगे। 18 मार्च को वार्षिक गृह परीक्षा शुरू होंगी। यह 21 मार्च तक चलेंगी।
24 से 26 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य होगा। 26 से 29 मार्च तक परीक्षाफल तैयार किए जाएंगे। 30 मार्च को परीक्षा फल घोषित किया जाएगा। ताकि अप्रैल से परिषदीय स्कूलों का शिक्षा सत्र व दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो सके । उधर, बीएसए एसएन सिंह ने सचिव के निर्देश पर वार्षिक परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।