फोटो- 37 मोबाइल टॉवर से उतरने के बाद जानकारी करती पुलिस। संवाद
बांदा। भाई की फटकार से नाराज शराब के नशे में मोबाइल टावर में चढ़कर युवक ने एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया। समझा-बुझाकर किसी तरह पुलिस ने उसे नीचे उतारा। इसके बाद घर वालों को बुलाकर उसे सुपुर्द किया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के अहिरन पुरवा पिपरी गांव निवासी बुद्धराज उर्फ किशन यादव (22) ने शुक्रवार की दोपहर घर में जमकर शराब पी। शराब पीने के बाद वह घर में झगड़ा करने लगा। भाई अमरजीत ने फटकार लगा दी तो नाराज होकर वह घर से बाहर चला गया। घर से जाने के बाद गांव में लगे मोबाइल टावर में शाम करीब चार बजे चढ़ गया। टावर में चढ़ने के बाद ऊपर से जान देने की धमकियां देने लगा। धीरे-धीरे गांव में भीड़ एकत्रित होने लगी। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के मिलते ही ओरन चौकी प्रभारी प्रमोद त्रिपाठी तथा आरक्षी अनिल पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक युवक को समझाया-बुझाया। लेकिन वह बात मानने को तैयार नहीं हुआ। मशक्कत के एक घंटे बाद पुलिस ने किसी तरह उसे नीचे उतारा। तत्पश्चात घर वालों को बुलाकर उसे सुपुर्द किया। बिसंडा थाना इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि भाई की डांट से क्षुब्ध होकर उसने यह ड्रामा किया था। वह गुरुवार को बाहर से कमाकर घर लौटा था।
फोटो- 37 मोबाइल टॉवर से उतरने के बाद जानकारी करती पुलिस। संवाद