फोटो - 09 खप्टिहाकला में बंद पड़े झोलाछाप के क्लीनिक। स्त्रोत : स्वास्थ्य विभाग
पैलानी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बृजेंद्र सिंह के निर्देश पर पैलानी तहसील के खप्टिहाकला में झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सीएमओ ने दो सदस्यीय टीम भेजी। जिसमें डिप्टी सीएमओ प्रेमकुमार पांडेय व अनिल कुमार सिंह रहे। जिनके पहुंचते ही अन्य झोलाछाप अपने चिकित्सालय बंद कर भाग गए। टीम ने रपरा गंज मोहल्ले में पंकज चतुर्वेदी के घर से संचालित क्लीनिक पर छापा मारा। छापे में क्लीनिक का पंजीकरण न होना, चिकित्सीय योग्यता का अभाव, योग्य चिकित्सक की अनुपस्थिति, एलोपैथिक पद्धति से उपचार, मानकविहीन संचालन, अग्निशमन व जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन प्रमाण पत्रों की कमी जैसे कई उल्लंघन पाए गए।
उल्लंघनों के कारण क्लीनिक के दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर पंकज चतुर्वेदी को तीन दिन के भीतर शैक्षिक योग्यता और पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम 1956 की धारा 15(3) और भारतीय दंड संहिता की धारा 319(2) व 318(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सीएमओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि पैलानी तहसील में झोलाछाप पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।