अतर्रा (बांदा)। अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला में ट्रेन से कटकर जान देने वाली युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पड़ोसी दंपती पर खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि पड़ोसी रिश्ते का चाचा छेड़खानी के उद्देश्य से युवती के घर की सीढ़ियों तक पहुंचा था। युवती के शोर मचाने पर वह छत से कूदकर भाग निकला था।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय युवती ने महोतरा रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। इस घटना पर युवती ने के पिता ने पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया था। दुष्कर्म की आशंका पर स्लाइड भी बनी थी लेकिन दुष्कर्म के साक्ष्य नहीं मिले थे। इस पर पिता की तहरीर पर पड़ोसी दंपती पर रिपोर्ट दर्ज की है।
अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि बीते मंगलवार की रात युवती अपने घर में अकेली थी। उसके माता-पिता रिश्तेदारी में गए थे। इस बीच रात में पड़ोसी 50 वर्षीय व्यक्ति उसके घर में घुस गया था। आहट होने पर युवती ने शोर मचा दिया तो वह छत से कूदकर भाग गया था। युवती के पिता जब घर लौटे तो उसकी बेटी ने पूरी घटना बताई, इस पर घर वालों ने पड़ोसी के घर उलाहना दिया तो आरोपी की पत्नी ने युवती के साथ अभद्रता की, उसके चरित्र पर टिप्पणी कर दी।
इससे आहत होकर युवती ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली थी। युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी दंपती पर खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।