बांदा। प्रयागराज की ओर जा रही राठ डिपो की रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे चार वर्षीय मासूम को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। उधर, बस को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में सवार सवारियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य तक पहुंचाया।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौसड़ गांव निवासी रीतू प्रसाद ने बताया कि उसका बेटा रुस्तम (4) अपनी मां के साथ अपने ननिहाल शहर कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा रोड स्थित जमुनीपुरवा आया था। यहां बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपनी मां के साथ सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान बांदा से प्रयागराज जा रही राठ डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आ गया। बस भी अनियंत्रित होकर कच्चे रास्ते में उतर गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बस को रुकवा लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने माैके पर पहुंचकर रुस्तम को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रीतू ने बताया कि वह मजदूरी करता है। बच्चे की मौत से उसकी मां का बुरा हाल है। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि रोडवेज बस की सवारियों को दूसरी बस से रवाना किया गया है। बस में 30 से 35 सवारियां थीं। चालक ने बस को कच्चे रास्ते पर उतार दिया था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।