अतर्रा। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बल्लान के डंगरा पुरवा में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से नुकसान के सर्वे के नाम पर रुपये वसूले जाने का आरोप लगा है। जिला पंचायत सदस्य व बसपा कोऑर्डिनेटर शिव करण दिनकर ने लेखपाल संध्या और उनके सहायक पर आरोप लगाए हैं।
शिव करण दिनकर ने बताया कि ग्रामीणों ने फोन कर इसकी जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे और लेखपाल व उनके सहायक से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि बातचीत के बाद ग्रामीणों से लिए गए रुपये वापस करा दिए गए। डंगरा पुरवा में बाढ़ से कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उधर, बसपा जिलाध्यक्ष बांदा रामसेवक प्रजापति ने भी ग्रामीणों से फोन पर समस्याएं सुनीं और जांच का भरोसा दिया। जिला पंचायत सदस्य ने जिलाधिकारी व एसडीएम से पारदर्शी सर्वे कराकर पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।