अतर्रा। सीएचसी में प्रसव के नाम पर महिला ने स्वास्थ्यकर्मियों पर पैसे मांगने का आरोप लगा है। मजदूर दंपती से 2500 रुपये मांगे गए, बाद में गिड़गिड़ाने पर 900 रुपये लेने का आरोप है।
ओरहा गांव निवासी छोटेलाल मंगलवार रात पत्नी चिंता को प्रसव पीड़ा होने पर वाहन से सीएचसी लाए थे। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने प्रसव के लिए 2500 रुपये मांगे और पैसे न देने पर धमकी भी दी। छोटेलाल ने खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए विनती की। बताया कि पत्नी की यह पांचवीं डिलीवरी थी और हालत भी नाजुक है। इसके बावजूद महिला कर्मचारियों ने उनकी जेब से 900 रुपये ले लिए।
पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी प्रसव के दौरान सहयोग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब छह बजे महिला ने बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। छोटेलाल ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद ने शिकायती पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए जांच कराने की बात कही है।