फोटो - 10 अवैध निर्माण को ध्वस्त करती मशीन। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
बबेरू। कस्बे में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान ने व्यापारियों में रोष पैदा कर दिया है। कस्बे के चौराहों के सुंदरीकरण और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर स्थानीय व्यापारियों को अपनी दुकानों और निर्माण को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इस कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन व्यापार बंद करने की चेतावनी दी है।
कस्बे में अद्भुत चौराहे के सुंदरीकरण और सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत लगभग 200 व्यापारियों को सात दिनों के भीतर अपने अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था। प्रशासन की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया था। नायब तहसीलदार मनोहर सिंह और कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार राजावत की अगुवाई में भारी पुलिस बल के साथ जब बुलडोजर कस्बे की अतर्रा रोड, औगासी रोड, तिंदवारी रोड, बांदा रोड और कमासिन रोड पर पहुंचे तो व्यापारियों ने स्वयं ही अपनी दुकानों के ऊपर लगे टिनशेड को हटाना शुरू कर दिया।
व्यापारियों का कहना है कि नगर पंचायत ने 27 फीट में नक्शा पास किया था और यदि उस समय मानक पूरे नहीं थे तो लोक निर्माण विभाग को पहले ही रोक लगा देनी चाहिए थी। अचानक नोटिस मिलने के बाद, उन्हें अपनी दुकानें तोड़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष केके महंत के नेतृत्व में व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और अनिश्चितकालीन व्यापार बंद करने की चेतावनी दी।
वहीं, नायब तहसीलदार मनोहर सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई प्रथम चरण में अस्थाई अतिक्रमण को हटाने के लिए की जा रही है। व्यापारियों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है और उन्हें समय पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि वे निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।