फोटो-45-उफान पर आई केन नदी के किनारे लोगों से आवागमन न करने की अपील करते एडीएम। स्रोत: प्रशासन
बांदा। लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है।
मंगलवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र और एसडीएम पैलानी ने पैलानी तहसील के गौरी कला, अमारा, नांदा देव, पड़ौरा, सिंधन कला, पैलानी डेरा समेत बबेरू तहसील के तिंदवारी-बबेरू मार्ग स्थित सिमौनी रपटा का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने संवेदनशील रपटों और मार्गों पर जलस्तर की स्थिति देखी। प्रभावित गांवों में आवागमन की समस्याओं की जानकारी ली। जिन गांवों के संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त या बाधित हैं, वहां नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीएम ने अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक आवागमन से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।