बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे पकड़ा है। बाद में मेडिकल परीक्षण के उपरांत आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
बीते शुक्रवार दोपहर गांव की 15 वर्षीय किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 17 वर्षीय किशोर ने घर में पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के समय किशोरी के परिजन किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। शाम को जब परिजन वापस लौटे तो किशोरी ने रोते हुए अपनी मां को पूरी घटना बताई। जिसके बाद परिवार के लोग किशोरी को लेकर जसपुरा थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ऋषिदेव सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी नाबालिग होने के कारण उसका भी मेडिकल परीक्षण कराकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।