बांदा।भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण द्विवेदी के दो पुत्रों और दो भतीजों के खिलाफ मारपीट के बाद फायर करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
यह कार्रवाई बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी की तहरीर पर हुई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
ओरन निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी कुलदीप शिवहरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दशहरा की रात करीब साढ़े 10 बजे उनका भाई प्रबल शिवहरे अपने मित्र अभिषेक और उत्कर्ष के साथ बिसंडा रोड स्थित चाय की दुकान पर मैगी खाने गया था।
वहां मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष के पुत्र धीरेंद्र व पुष्पेंद्र द्विवेदी और भतीजे नीरज व देवेंद्र द्विवेदी ने दुकान पर बैठने को लेकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर तीनों युवकों के साथ मारपीट की गई।
प्रबल ने फोन कर अपने उन्हें मौके पर बुला लिया। कुलदीप के पहुंचने पर आरोपियों ने उनसे भी अभद्रता और गाली-गलौज की। आरोप है कि इसी दौरान नीरज उर्फ गोलू ने 315 बोर का तमंचा निकालकर कुलदीप के सीने से सटाकर फायर किया। गोली नहीं चली। इस पर कुलदीप ने आरोपी का हाथ पकड़कर ऊपर कर दिया, जिससे दूसरी गोली हवा में चल गई।
पुलिस ने नीरज उर्फ गोलू को पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। व्यापारी ने आरोप लगाया कि आरोपी पिता के रसूख का फायदा उठाकर दबंगई करते हैं। पहले भी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। रिपोर्ट में देवेंद्र द्विवेदी उर्फ देबू को समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का निवर्तमान प्रदेश सचिव बताया गया है।
सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नीरज को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।