बांदा। राष्ट्रीय राजमार्ग में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक चला रहे युवक की बुधवार की रात मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चित्रकूट जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों दहिनवारा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
अतर्रा थाना क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी अखिलेश का बेटा सतीश (20) बुधवार की रात करीब 8 बजे बाइक से महुटा गांव जा रहा था। यहां उसके बड़े भाई मनीष का दहिनवारा कार्यक्रम था। बाइक में पीछे चचेरा भाई अजय कुमार भी सवार था। बदौसा से दो किलोमीटर पहले बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग में तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। डाक्टरों के रेफर करने पर सतीश को परिजन जिला अस्पताल ला रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई।
डाक्टरों की पुष्टि के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घायल अजय कुमार को परिजनों ने चित्रकूट जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सतीश के भाई संजय सिंह ने बताया कि सतीश इंटर का छात्र था। पिता के साथ काम में हाथ बंटाता था। बाइक उसके भाई मनीष की थी। दहिनवारा में घर के सभी सदस्य महुटा गांव जा चुके थे। आखिरी में सतीश और अजय ही घर से कार्यक्रम स्थल के लिए निकले थे। सतीश हेलमेट लगाए था।
गिरने से युवक की मौत
बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के देवरथा गांव निवासी सुनील कुमार (31) की बृहस्पतिवार को दोपहर घर में गिरने से मौत हो गई। वह बरेंहडा (अतर्रा) में अनुदेशक था। परिजनों ने बताया कि घर में नहाने के दौरान सुनील अचानक जमीन में गिर पड़ा। उसके सिर में पीछे गंभीर चोट आ गई। उसे सीएचसी ले गए। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। परिजनों का कहना है कि अनुदेशक होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम कराया है। (संवाद)