कलक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते आप कार्यकर्ता।-
- फोटो : स्रोत स्वयं
बांदा। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। सरकार से प्रदेश में हो रही बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष समरजीत सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ कलक्ट्रेट में विरोध जताया। कहा कि प्रदेश में बिजली लगातार महंगी हो रही है। उस पर घंटों कटौती की जा रही है। प्रदेश की जनता सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। बिजली कटौती के कारण आम आदमी और किसान परेशान हैं। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बताया कि 10 से 12 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट भूपेंद्र शुक्ला ने कहा कि किसानों को भी बिजली कटौती के कारण फसलों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है। प्राइवेट कंपनियों द्वारा घरों में जाकर मीटर रीडिंग लेने के बजाय मनमाने तरीके से लोगों की बढ़ी मीटर रीडिंग भरकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, उस पर सरकार पूरी तरह मौन है। यह सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार का एक और उदाहरण है। इस मौके पर पंकज सिन्हा, डॉ. अमित कुशवाहा, हसन अली, राजू आर्य, राजकुमार सेन भी शामिल रहे।