बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित युवती की मां ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे उसकी 20 वर्षीय बेटी अपने बड़े भाई और भतीजे के साथ घर के बाहर छप्पर के नीचे बैठी थी। कुछ देर बाद भाई और भतीजा बकरी लेकर जंगल की ओर चला गया। उसी दौरान गांव का ही लालबहादुर उर्फ लल्ला पहुंचा। जो बेटी से बातचीत के दौरान गुटखा में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाकर छेड़छाड़ करने लगा।
इसके बाद परिजनों को आता देखकर वह वहां से भाग गया। गुटखा खाने के बाद से ही उसकी बेटी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। पीड़िता की मां ने पुलिस से बेटी का चिकित्सीय परीक्षण कराने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
गिरवां थाना प्रभारी सुरेश सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।