बांदा। ससुराल जाने के लिए निकला युवक साथियों के साथ शराब पीने बैठ गया। अधिक नशे के चलते उसके साथी घर छोड़ गए। सुबह जब उसे देखने पहुंचे तो वह कमरे के अंदर मृत अवस्था में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक शराब पीने के कारण हार्ट अटैक होने से मौत होना पुष्टि हुई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के दाड़िनपुरवा महोखर गांव निवासी चंद्रभान ने बताया कि उसका छोटा भाई प्रेमचंद्र उर्फ पप्पू वर्मा (35) रविवार को दोपहर अपनी ससुराल लामा गांव जाने के लिए घर से निकला था। वह ससुराल न जाकर गांव के ही साथियों के साथ शराब पीने लगा। अधिक नशे में होने पर साथी उसे घर छोड़ गए। यहां सोमवार को सुबह वह मृत अवस्था में पड़ा मिला।
भाई ने साथियों पर शराब पिलाने का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह शराब के नशे का लती था। उसकी पत्नी रेखा नशाखोरी से आजिज आकर मायके लामा में थी। प्रेमचंद्र हरियाणा में रहकर ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था। तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दो पुत्रियां हैं। देहात कोतवाली प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक शराब पीने से हार्ट अटैक होने से मौत की पुष्टि हुई है।