नरैनी (बांदा)। खेत में लगे बेरी के पेड़ से युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। राहगीरों ने देखा तो पुलिस व परिजनों को सूचना दी। पुलिस और फाॅरेसिंक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव निवासी पप्पू ने बताया कि उसका छोटा भाई मिथलेश उर्फ मिथलू (35) मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे घर से खाना खाकर स्कूटी से निकला था। उसने पनगरा नहर कोठी के सामने स्थित अपने खेत में लगे बेरी के पेड़ से रस्सी से फंदा लगा लिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बताया कि उसके दो पुत्र हैं।
वह शादी विवाह में डांसर का काम करता था। छह भाइयों में तीसरे नंबर का था। बताया कि मिथलू शराब के नशे का आदी था। नशा करने की वजह से दो महीने पहले कहासुनी होने पर उसकी पत्नी मायके बबेरू चली गई थी। भाई के मुताबिक, वह पहले भी दो बार फंदा लगाने का प्रयास कर चुका है। कोतवाली एसआई शिवकुमार ने बताया कि नशे का आदी होने के चलते फंदा लगाकर जान दी है। पत्नी से भी विवाद था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।