बबेरू। थ्रेशर में गेहूं कतरते समय युवक का गमछा थ्रेशर मशीन में फंस गया। इससे वह मशीन की चपेट में आ गया। फंदा लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के सतन्याव गांव निवासी बाबूराम का 30 वर्षीय पुत्र विवेक यादव शुक्रवार की शाम खेत में थ्रेशर से गेहूं कतर रहा था। इसी दौरान थ्रेशर की जाली देखते समय उसके गले में पड़ा गमछा पट्टे में फंस गया। इससे युवक के गले में फंदा लग गया। आसपास मौजूद लोगों ने यह देखते ही ट्रैक्टर से चल रहे थ्रेशर को बंद किया और विवेक के गले में लगे फंदे को छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन बाद में युवक का शव लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के दो पुत्री व एक पुत्र है। मृतक की पत्नी सुमन देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।