बांदा। किराये के मकान में रह रही महिला ने संतान न होने से दुखी होकर फंदा लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने मारपीट कर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले ऑटो पार्ट्स व्यापारी विनय गुप्ता ने बताया कि पत्नी पूनम (32) ने शनिवार देर शाम कमरे में फंदा लगा लिया। वह घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया। बताया कि किसी बात की कोई परेशानी नहीं थी। वर्ष 2016 में शादी हुई थी। बच्चे नहीं हैं। वह कालूकुआं मोहल्ले के रहने वाले हैं। कुछ दिन से घरवालों से अलग होकर गायत्रीनगर में किराये के मकान में रह रहे थे।
बताया कि बच्चे न होने की वजह से पूनम परेशान थी। उधर, शहर के पदमाकर चौराहा के रहने वाले भाई आशीष ने बताया कि पूनम के हाथ में खरोंच के निशान हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बहन के साथ मारपीट की गई और उसे फंदे से लटका दिया गया। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि परिजन बच्चे न होने की वजह से डिप्रेशन में रहने की बात कह रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम कराया गया है।