पैलानी। थानाक्षेत्र के खप्टिहा कलां गांव में अवसाद ग्रस्त महिला ने बबूल के पेड़ से साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। किसानों ने जब देखा तो परिजनों को जानकारी दी।
मंगलवार को खप्टिहा कलां गांव के मजरा शिवपाल डेरा निवासी रामचंद्र की पैंतीस वर्षीय पत्नी आशा का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने जब शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। मृतका के ससुर विजयपाल ने बताया कि आशा घर से करीब एक किमी दूर खेत पर गेहूं काटने गईं थीं। दोपहर बाद वह दवा खाने के लिए कहकर वहां से चली गईं। इसी दौरान उन्होंने घटना को अंजाम दिया।
मृतका का पति सूरत में रहकर मजदूरी करता है। उनके दो पुत्रियां व एक पुत्र है। ससुर ने बताया कि मृतका का दो वर्ष से नौगांव छानी में टीबी का उपचार चल रहा है। इसके साथ ही उनका आयुर्वेदिक उपचार भी हो रहा था। बताया कि वह अवसाद में रहती थीं। कई बार वह पागलों जैसी हरकत करने लगती थीं। वहीं चौकी प्रभारी हरिशरण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के कारणों की जांच जारी है।