बांदा। माह भर बाद बाहर से कमाकर घर लौटे पति से पत्नी की मामूली बात पर कहासुनी हो गई। इससे आहत होकर महिला ने जहर खा लिया और अपनी सात माह की बेटी को भी खिला दिया। पति ने मां-बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तबीयत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया।
मटौंध थाना क्षेत्र के इटवां गांव निवासी हेमा (22) ने जहर खा लिया और अपनी सात माह की बेटी लक्ष्मी को भी जहर खिला दिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर पति आदर्श ने उन्हें रात 11 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आदर्श ने बताया कि वह कानपुर में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। एक महीने बाद घर आया था। शाम को पत्नी से कहासुनी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर पत्नी ने जहर खा लिया और बेटी को भी खिला दिया। हालांकि देर रात इलाज से राहत मिलने पर डॉक्टरों ने दोनों की छुट्टी कर दी।